उत्तराखंडदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों के लिए खोला खजाना, जोशीमठ आपदा सहित कई विकास कार्यों के लिए  धनराशि मंजूर

चमोली जनपद के जोशीमठ आपदा प्रभावित क्षेत्र के स्लोप स्टेबिलाइजेशन के लिए 516 करोड़ की भारी-भरकम योजना को मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य विकास को नई गति देने के लिए करोड़ों की योजनाओं को स्वीकृति दी है। चमोली जनपद के जोशीमठ आपदा प्रभावित क्षेत्र के स्लोप स्टेबिलाइजेशन के लिए 516 करोड़ की भारी-भरकम योजना को मंजूरी देते हुए प्रथम किस्त के रूप में 40 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने का निर्णय लिया गया है।
इसी के साथ केंद्र पोषित जल जीवन मिशन के तहत राज्य में जारी कार्यों की रफ्तार बनाए रखने के लिए 200 करोड़ की धनराशि पुनर्विनियोग के माध्यम से अवमुक्त की जाएगी। नगर निकायों को भी बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के 52 स्थलों पर देवभूमि रजत जयंती पार्क बनाए जाने को 40.49 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए उत्तराखण्ड पेयजल निगम को विभिन्न परियोजनाओं के लिए 3.50 करोड़ और जल संस्थान को 1.50 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। टिहरी जनपद के नरेंद्र नगर विधानसभा तहत रामझूला सेतु की मजबूती और सुरक्षा के लिए भी 11 करोड़ की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है।
पाँचवां-छठा वेतनमान पाने वाले कर्मचारियों को मिला मंहगाई भत्ते की सौगात 
मुख्यमंत्री धामी ने राज्य सरकार और राज्य स्वायत्त निकायों/उपक्रमों के उन कर्मचारियों को, जो पांचवें एवं छठे केन्द्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार लागू वेतन बैंड/ग्रेड वेतन में अपने वेतन एवं भत्ते आहरित कर रहे हैं, को उन्हें स्वीकार्य मंहगाई भत्ते की मौजूदा दर को दिनांक 01 जनवरी, 2025 से क्रमशः पांचवें वेतनमान को 455 प्रतिशत से बढ़ाकर 466 प्रतिशत एवं छठे वेतनमान को 246 प्रतिशत से बढ़ाकर 252 प्रतिशत प्रतिमाह किये जाने के लिए अनुमोदन प्रदान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *