उत्तराखंड पंचायत चुनाव- दूसरे दौर का मतदान भी शांतिपूर्ण तरीके से हुआ संपन्न, 31 को होगा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
70 फीसदी हुई वोटिंग, 31 जुलाई को विकास खंडों में एक साथ होगी मतगणना
देहरादून।उत्तराखंड के सभी 12 जनपदों में (हरिद्वार को छोड़कर) त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दूसरे व अंतिम चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सोमवार को पूरा हो गया। 31 जुलाई को सभी विकास खंडों पर एक साथ मतगणना होगी।
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए 40 विकासखंडों में वोटिंग हुई। सुबह 8 बजे से वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। मतदान के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह से ही लोग बड़ी संख्या में वोटिंग के लिए मतदान केंद्रों का रुख करने लगे थे। दूसरे चरण में सदस्य ग्राम पंचायत के 933 पदों पर 1998 प्रत्याशी, प्रधान ग्राम पंचायत के 2726 पदों पर 7833 प्रत्याशी, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 1225 पदों पर 4214 प्रत्याशी, सदस्य जिला पंचायत के 14 पदों पर 716 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 14 हजार 761 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 21 लाख मतदाताओं ने आज अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दूसरे दौर में 70 फीसदी वोटिंग हुई है।
अंतिम आंकड़े राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से देर रात जारी किये गए। राज्य निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण बताते हुए संतोष जाहिर किया है।

