उत्तराखंड पंचायत चुनावः कल होगी दूसरे दौर की वोटिंग , 31 जुलाई को शुरू होगी काउंटिंग
दूसरे दौर के 4709 मतदेय स्थलों पर हैं 2157199 मतदाता,
राज्य निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन की तैयारियां पूरी
देहरादून। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए दूसरे चरण का मतदान सोमवार को होने जा रहा है। दूसरे चरण में राज्य के 12 जनपदों के सुगम एवं मैदानी क्षेत्रों के गांव एवं ब्लॉकों ( हरिद्वार जनपद को छोड़कर ) में मतदान कराया जा रहा है। इन क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
दूसरे चरण के मतदान के लिए राज्य निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन की पूरी तैयारियों हो चुकी हैं। द्वितीय चरण के मतदान के लिए 4709 मतदान दलों की रवानगी की गई है, जिसमें 26 जुलाई को 277 मतदान कर्मियों के दल अपने मतदान स्थलों पर पहुंच चुके हैं । 27 जुलाई को 4432 मतदान दल अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर पहुंच रहे हैं। द्वितीय चरण के 4709 मतदेय स्थलों पर 2157199 मतदाता (जिनमें 1045643 महिला, 1111490 पुरूष तथा 66 अन्य) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव शांतिपूर्ण, पारदर्शी, निष्पक्ष और एक्ट के तहत संपन्न कराए जाने की प्रतिबद्धता जताई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बार राज्य में पहली दफा पंचायत चुनावों को दो चरणों में कराने का निर्णय लिया था। उसी हिसाब से पहले चरण का मतदान 24 जुलाई और दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को रखते हुए चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था। 31 जुलाई को त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की मतगणना की जाएगी। सभी ब्लॉक मुख्यालयों में मतगणना की जाएगी।
दूसरे दौर के मतदान वाले विकासखंड
1. अल्मोड़ा जनपद के सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग, द्वाराहाट, 2. जनपद ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, 3. जनपद चंपावत के चंपावत, बाराकोट, 4. जनपद पिथौरागढ़ के विण, मूनाकोट, बेरीनाग, गंगोलीहाट, 5. जनपद नैनीताल के हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल, कोटाबाग, 7. जनपद उत्तरकाशी के डुण्डा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी, 8. जनपद चमोली के पोखरी, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग, गैरसैंण, 9. जनपद टिहरी के कीर्ति नगर, देवप्रयाग, नरेन्द्रनगर, चंबा, 10. जनपद देहरादून के डोईवाला, रायपुर, सहसपुर, 11. जनपद पौड़ी के यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट, और कल्जीखाल ब्लॉक में मतदान होगा।

