उत्तरकाशीदेहरादून

नगर निगम देहरादून ने शहर के वार्डों में बढ़ाई डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों की तादाद, सफाई व्यवस्था और होगी दुरुस्त

स्वच्छता सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मिलेगी मदद, ग्रीन गार्बेज उठान ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों की संख्या भी बढ़ाई गई ,कूड़ा उठान की समस्या में आएगी कमी
देहरादून। नगर निगम की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों एवं ग्रीन गार्बेज उठान ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि इस समस्या में कमी आ सके।
बीते दिवस भी नगर निगम देहरादून परिसर से  महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त नमामि बंसल ने स्वच्छता सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से   25 डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों एवं ग्रीन गार्बेज उठान ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था ।
इन 25 वाहनों का उपयोग नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर ठोस अपशिष्ट  एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थित गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स  से कचरा संग्रहण के लिए किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का विशेष उपयोग बागवानी अपशिष्ट  एवं हरित अपशिष्ट  के पृथक संग्रहण एवं निस्तारण के लिए किया जाएगा, जिससे मिश्रित कचरे की समस्या में कमी आएगी एवं अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बन सकेगी।
इस अवसर पर  महापौर सौरभ थपलियाल एवं नगर आयुक्त नमामि बंसल ने नगर निगम के स्वच्छता विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यों को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ करें और आमजन को भी स्रोत पर ही कचरे के पृथक्करण  के लिए निरंतर जागरूक करते रहें।
नगर निगम देहरादून ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को गीला एवं सूखा अलग-अलग करके निर्धारित समय पर निगम की अधिकृत गाड़ी को दें एवं स्वच्छता अभियान में सहयोगी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *