कांवड़ धार्मिक यात्रा , पवित्रता और कानून व्यवस्था को बनाए रखना सरकार और सबकी जिम्मेदारी : भट्ट
भाजपा ने प्रतिष्ठानों की जानकारी लिखने का किया स्वागत, बताया कानून सम्मत
देहरादून । भाजपा ने कांवड़ यात्रा में सुरक्षा दृष्टि से दुकान से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने की प्रक्रिया को कानून सम्मत बताते हुए स्वागत किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांवड़ जैसी धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा की पवित्रता और कानून व्यवस्था को बनाए रखना सरकार और हम सबकी जिम्मेदारी है।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत प्रदेश सरकार के दुकानों पर नेम प्लेट सहित सभी जरूरी जानकारी लिखने की प्रक्रिया का स्वागत किया है। कहा, कानून भी इसकी इजाजत देता है कि व्यापारिक प्रतिष्ठान के मालिक, पंजीकरण आदि तमाम आवश्यक जानकारी को सार्वजनिक किया जाए। इससे अनावश्यक रूप से कांवड़ियों और दुकानदारों के मध्य पैदा होने वाले विवादों से बचा जा सकेगा। दरअसल कांवड़ एक धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा है, उसकी पवित्रता और कानून व्यवस्था बरकरार रखना सरकार और हम सबकी सामाजिक जिम्मेदारी है।
वहीं उन्होंने सपा सांसद और कांग्रेस नेताओं के बयान को तुष्टिकरण से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की जनता को यह स्वीकार नहीं हैं, उसने सपा को राज्य से पूरी तरह साफ किया है और इसी लीक पर चलने वाली कांग्रेस भी शीघ्र सपा चट होने की तरफ अग्रसर है।
उन्होंने यूपी के पूर्व सपा सांसद एसटी हसन के सरकार की इस कोशिश को पहलगाम के आतंकवादियों से जोड़ने की कठोर शब्दों में आलोचना की है। उन्होंने कहा कि, सपा तुष्टिकरण की राजनीति के लिए इस तरह के बयान जानबूझकर देती है।
जिला पंचायत सदस्य पदों को लेकर समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा जल्द
महेंद्र भट्ट ने अपने नए कार्यकाल को लेकर कहा, केंद्रीय नेतृत्व और पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं ने जो विश्वास मुझ पर किया है ,उस पर में पूरी तरह से खरा उतरने का प्रयास करूंगा। अब हम सभी कार्यकर्ताओं को एकजुटता और सामूहिकता से संगठन की मजबूती के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार के कामों को जन जन के बीच पहुंचाना है। प्रदेश में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया जारी हैं और पार्टी की तरफ से जिला पंचायत सदस्य पदों को लेकर समर्थित प्रत्याशियों के नामों पर विचार अंतिम चरण में है। जिसके सभी नामों की घोषणा 5 जुलाई से पूर्व चरणबद्ध तरीके से कर दी जाएगी। वहीं आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के लक्ष्य प्राप्ति की रणनीति पर भी पार्टी, शीघ्र कार्य प्रारंभ करने जा रही है।

