उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में भारी बारिश का कहर: कारगी ग्रांट में दो मकान ढहे, कई घर खाली कराए, शुक्र है ,कोई जनहानि नहीं हुई

एसएसपी मौके पर पहुँचे, पीएसी तैनात, मसूरी मार्ग पर वाहनों को रोका गया,
मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश का कहर इस कदर टूटा कि कारगी ग्रांट क्षेत्र में नदी किनारे बने दो मकान देखते ही देखते भरभराकर ढह गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन डर और दहशत की जो लहर उठी, उसने सैकड़ों लोगों की नींद छीन ली।
घटना की सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। देर रात एसएसपी अजय सिंह और एसपी सिटी प्रमोद कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह ने आसपास के 10 मकानों को एहतियातन खाली कराने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। मौके पर भीड़ को नियंत्रित करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएसी बल की तैनाती की गई है।
मालसी जू पुलिया के पास सड़क धंसी, भारी वाहन रोके 
वहीं, मालसी जू पुलिया के पास बारिश के कारण सड़क का किनारा धंस गया है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र यहां बैरियर लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। मसूरी जाने वाले पर्यटकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग द्वारा राज्यभर में दो दिन का भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। शहरभर में निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया दल को सक्रिय कर दिया गया है।
कारगी ग्रांट के वे मकान अब मलबा बन चुके हैं, जहां कल तक चूल्हा जलता था और बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं। भले ही जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह हादसा बता गया कि कुदरत की मार कितनी बेआवाज़ और भयावह होती है। प्रशासन की तत्परता और स्थानीय निवासियों की जागरूकता ने बड़ा हादसा टाल दिया, पर खतरा अब भी टला नहीं है।
नौ जनपदों के लिए रेड अलर्ट जारी
देहरादून।उत्तराखंड में मानसून ने विकराल रूप ले लिया है। मौसम विभाग ने 29 व 30 जून को प्रदेश के नौ जिलों, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *