उत्तराखंडदेहरादून

कैबिनेट मंत्री जोशी ने किया श्रमिक सुविधा केन्द्र का उद्घाटन , कई श्रमिक लाभार्थियों को सामान भी दिया

कहा – सेंटर में श्रमिकों को मिलेगी कई प्रकार की सुविधाऐं
देहरादून । प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को देहरादून के मालसी में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत श्रमिक सुविधा केन्द्र का उद्घाटन किया। अब इस केन्द्र के माध्यम से श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। इस मौके पर काबीना मंत्री ने कई श्रमिक लाभार्थियों को सामान भी दिया।
उद्घाटन के बाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि श्रमिक सुविधा केन्द्र में श्रमिकों को कई प्रकार की सुविधाऐं मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की पुत्रियों की शिक्षा, उनके विवाह, ईलाज और दुर्घटना होने पर विभिन्न प्रकार के लाभ श्रमिकों को दिए जाएंगे। काबीना मंत्री ने श्रमिकों से केन्द्र में आकर अपने पंजीकरण कराते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीण विकास विभाग के तहत समूह, कृषि में दिए जाने वाली सब्सिडी, औद्योनिक फसलों के तहत दिए जाने वाले सब्सिडी का जिक्र भी कार्यक्रम में किया। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के कल्याण के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड जैसे कई अन्य योजनाओं का लाभ भी प्रदेशवासियों को मिल रहा है। कैबिनेट मंत्री ने बोर्ड के अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि पुराने लंबित जो लेबर कार्ड बनाए जाने हैं उन्हें भी तत्काल बनाया जाए और नए कार्ड अधिक से अधिक बने, इस पर भी विशेष फोकस करें।
बताते चलें कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत मालसी में श्रमिक सुविधा केन्द्र खोला गया है, जहां पर श्रमिक और अधिक और आसानी से योजनाओं का लाभ प्राप्त कर पाएंगे। श्रमिक सुविधा केंद्र के कई लाभ हैं, जिनमें प्रमुख रूप से श्रमिकों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना, पंजीकरण और शिकायत निवारण शामिल हैं। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, संध्या थापा, प्रमिला देवी, अनुराग, ज्योति कोटिया, विष्णु गुप्ता, महेन्द्र सिंह दुमागा, लक्ष्मण सिंह रावत, संजय नौटियाल, दीपक अरोड़ा, संजय थपलियाल सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *