मुख्यमंत्री धामी एवं डीजी सूचना बंशीधर तिवारी की संवेदनशीलता का असर – सूचना निदेशालय परिसर में पत्रकारों के लिए कल लगेगा स्वास्थ्य सुरक्षा कैम्प
पत्रकारों को अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सचेत रहना जरूरीः सीएम ,
हेल्थ कैम्प में लगभग 265 जांचें निःशुल्क की जाएंगी : डॉ सयाना
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मंगलवार को स्वास्थ्य और सूचना विभाग की ओर से पत्रकारों और उनके परिजनों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के लिए, विशेष स्वास्थ्य सुरक्षा कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा जांच के साथ ही परामर्श भी प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के पत्रकारों के स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए गत दिनों अधिकारियों को विशेष मेडिकल कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए थे। डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने पत्रकारों के लिए लगने वाले इस कैंप के लिए पूरी तत्परता और संवेदनशीलता दिखाई।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग और सूचना विभाग के संयुक्त प्रयासों से मंगलवार को प्रातः 11 बजे से रिंग रोड स्थित सूचना निदेशालय में इस विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में स्वास्थ्य की सभी आवश्यक जांचें उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि पत्रकारों को समुचित चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार मिल सके।
विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे कैंप में जांच निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि कैम्प में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. विवेकानंद सत्यावली, डॉ. अंकुर पांडे, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार, ईएनटी डॉ. नितिन शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शांति पांडे, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमर उपाध्याय, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. चित्रा जोशी, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल जोशी, दंत रोग के डॉ. देवाशीष सवाई, डॉ. योगेश्वरी, सर्जन डॉ. दिनेश चौहान, यूरोलॉजिस्ट डॉ. मनोज विश्वास के साथ ही त्वचा और मानसिक रोग के विशेषज्ञ भी पत्रकारों का स्वास्थ्य जांच करने के साथ ही परामर्श देंगे। हेल्थ कैम्प में लगभग 265 जांचें निःशुल्क की जाएंगी।
***************************************
“पत्रकार समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ होते हैं। इसलिए उनका स्वस्थ होना बेहद ज़रूरी है। इसी क्रम में यह स्वास्थ्य कैम्प आयोजित किया जा रहा है। आगे भी समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य कैम्प आयोजित किए जाएँगे, ताकि पत्रकारों को निरंतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके। ” – पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड।

