उत्तराखंडदेहरादून

सीएम पुष्कर धामी ने  गढ़ीकैंट में किया Community Hall का लोकार्पण, एमडीडीए ने हरबंश कपूर के नाम पर किया 12.51 करोड़ की लागत से भवन का निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा – उचित दरों पर आमजन को उपलब्ध हो  सामुदायिक भवन,
लगभग 1000 आदमियों की है  सामुदायिक भवन की क्षमता ,एम.डी.डी.ए. को सामुदायिक भवन के संचालन के लिए एस.ओ.पी बनाने के निर्देश दिए
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को  छावनी परिषद कार्यालय के पास  गढ़ीकैंट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए ₹ 12.51 करोड़ की लागत से निर्मित हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने स्व.  हरबंस कपूर को नमन करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राज्य और देहरादून की सेवा, विकास एवं जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जीवनभर, जनसेवा को प्राथमिकता दी। अपने व्यवहार से उन्होंने प्रत्येक नागरिक के दिल में विशेष जगह बनाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि एमडीडीए द्वारा 12 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित ये सामुदायिक भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। कम्युनिटी हॉल के बनने से क्षेत्र के लोगों की आवश्यकताओं की पूर्ति करेगा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी सामाजिक आयोजनों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने एम.डी.डी.ए. को सामुदायिक भवन के संचालन के लिए एस.ओ.पी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनायी जाए कि यह सामुदायिक भवन उचित दर पर आमजन को आसानी से उपलब्ध हो सके। इस सामुदायिक भवन की क्षमता लगभग 1000 आदमियों की है।
इस अवसर पर विधायक  सविता कपूर , ब्रिगेडियर  आर.एस. थापा, अध्यक्ष महानगर भाजपा  सिद्धार्थ अग्रवाल, भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
कहा – रिस्पना और बिंदाल के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना  तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देहरादून को  आधुनिक और विकसित शहर बनाने के लिए कार्य कर रही है। देहरादून में लगभग 14 सौ करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। देहरादून में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य जारी है। रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना भी तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून को ऐसा शहर बनाया जा रहा है जो विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं के क्षेत्र में देशभर में एक आदर्श उदाहरण बने। इसके साथ ही देहरादून दिल्ली एलिवेटेड रोड, सोंग बांध परियोजना, जैसी अनेकों योजनाओं पर कार्य जारी है।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा, मुख्यमंत्री  प्रदेश के विकास को लेकर पूर्ण रूप से समर्पित 
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से वो सैनिक से मंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  का संकल्प है कि जिन योजनाओं का वो शिलान्यास करते हैं, उनका लोकार्पण भी उन्हीं के हाथों से हो। मुख्यमंत्री  प्रदेश के विकास को लेकर पूर्ण रूप से समर्पित हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश में समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा  कि मुख्यमंत्री  के नेतृत्व में जवानों का मनोबल बढ़ाने का कार्य भी जारी है। शहीद जवानों के परिजनों को मिलने वाली राशि एवं मेडल से सम्मानित जवानों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को भी बढ़ाया गया है।
एमडीडीए वीसी  तिवारी ने बताया – प्राधिकरण ने तय समय के अंदर भवन निर्माण कार्य पूरा किया 
वीसी एमडीडीए  बंशीधर तिवारी ने बताया कि हरबंश कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल डेढ़ साल में बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने बताया  कि मुख्यमंत्री  ने इस भवन की नींव रखी थी। मुख्यमंत्री  के निर्देशों पर एमडीडीए ने तय समय के अंदर भवन निर्माण कार्य पूरा किया है। जिसमें इसकी गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि अन्य स्थानों पर भी ऐसे भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  का ध्येय आमजन को सहूलियत एवं उनके जीवन को सरल बनाना है, जिसके अनुरूप विकास कार्य किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *