चारधाम यात्रा पूरी तरह शुरू: विधि विधान से खुले श्री बदरीनाथ धाम के कपाट, जयकारों से गूंजा धाम, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी रहे मौजूद, श्रद्धालुओं से मुलाकात कर लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक
छह महीने बाद अखंड ज्योति के दर्शन को उमड़े 15,000 से अधिक श्रद्धालु
बदरीनाथ धाम। उत्तराखंड के पवित्र बदरीनाथ धाम के कपाट आज सुबह छह बजे रवि पुष्य योग में विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही चारों ओर ‘जय बदरी विशाल’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई, जिससे धाम की भव्यता और भी अद्भुत हो उठी।
देश-विदेश से 15000 से अधिक श्रद्धालु इस अवसर पर धाम पहुंचे, जो पिछले छह महीनों से जल रही अखंड ज्योति के दर्शन कर धन्य हो गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ के कपाट खुलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा कर देश और राज्य की सुख समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंदिर परिसर में स्थित लक्ष्मी मंदिर गणेश मंदिर आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित सभी मंदिरों में पूजा अर्चना की। बद्रीनाथ के कपाट खुलने के अवसर पर देश और दुनिया के लगभग 15 हजार श्रद्धालु मौजूद थे ।
मुख्यमंत्री ने बद्रीनाथ में तीर्थयात्रीयों और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और तीर्थयात्रियों से यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सकुशल चारधाम यात्रा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दृष्टिगत बेहतर व्यवस्थाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा हर स्तर पर प्रयास किया गया है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया हरित और स्वच्छ चारधाम यात्रा के लिए राज्य को पूरा सहयोग दें।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी से बद्रीनाथ धाम के मास्टर प्लान के कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए मंदिर के समीप हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा भी लिया। उन्होंने जिलाधिकारी को मास्टर प्लान के कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बदरीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को यात्री सुविधा और सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी से श्री हेमकुंड साहिब यात्रा तैयारियों की जानकारी लेते हुए यात्री सुविधाओं को शीघ्र व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोविंदघाट में अलकनंदा नदी में निर्माणाधीन पुल के निर्माण कार्य की जानकारी ली। जिलाधिकारी को पुल के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा से पूर्व पुल का निर्माण गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के आदेश दिए।
इस दौरान राज्य सभा सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज,विधायक किशोर उपाध्याय, लखपत बुट्टोला , बीकेटीसी के नवनियुक्त उपाध्यक्ष विजय कपरवाण व ऋषि प्रसाद सती, बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय थपलियाल, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल आदि मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना
कपाटोद्धाटन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बदरी विशाल के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
गेंदे के फूलों से सजा मंदिर, छटा देख भक्त हुए अभिभूत
इस पावन अवसर पर बदरीनाथ मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर को 40 कुंतल गेंदे के फूलों से सजाया गया। विशेष रूप से सिंहद्वार के शीर्ष को सुंदर पुष्पों से अलंकृत किया गया।
पॉलीथिन मुक्त तीर्थयात्रा की पहल
चमोली जिला प्रशासन ने इस बार बदरीनाथ यात्रा को पॉलीथिन मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने धाम समेत यात्रा मार्ग के सभी होटल, ढाबा और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से पॉलीथिन के उपयोग से बचने का आग्रह किया है।
साथ ही, कर्णप्रयाग, गौचर, नंदप्रयाग, पीपलकोटी, ज्योतिर्मठ, गोविंदघाट और पांडुकेश्वर के होटलों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने और अग्निशमन सिलिंडर अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

