उत्तर प्रदेशउत्तराखंडदेहरादूनधर्म-संस्कृति

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी  ने  अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ किए रामलला के दर्शन,  मंदिर में की पूजा अर्चना, देश प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना

भावुक हुए सीएम  ने कहा, रोम-रोम भक्तिमय और प्रफुल्लित हुआ मन
अयोध्या में उत्तराखंड वासियों के लिए  सरकार राज्य अतिथि गृह बनाने की कर चुकी तैयारी
देहरादून / अयोध्या ।  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को  अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। इस दौरान सभी बेहद उत्साहित और भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए।
मुख्यमंत्री धामी मंत्रिमंडल में अपने सहयोगियों  सतपाल महाराज, डाॅ  प्रेमचंद अग्रवाल,  सुबोध उनियाल, डॉ धन सिंह रावत, रेखा आर्य एवं राज्यसभा सांसद  नरेश बंसल के साथ जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे श्री  अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा में पहुंचे पर मुख्यमंत्री धामी और उनके सहयोगियों का भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। यहां से वह राम जन्मभूमि के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री  धामी एवं उनके सहयोगी श्री अयोध्या धाम में प्रभु राम को साष्टांग नमन कर  पूजा अर्चना की। दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री  धामी भावुक हो गए। मुख्यमंत्री धामी  ने कहा कि श्री रामलला के दर्शन से रोम-रोम भक्तिमय और मन प्रफुल्लित है। उन्होंने कहा कि रामलला को कई वर्षों तक टेंट में रहना पड़ा। आज भव्य मंदिर में रामलाला के दर्शन किए। मैं भाव विह्वल हूं और प्रभु श्रीराम के चरणों में समर्पित हूं।
मुख्यमंत्री  धामी ने कहा कि प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में उत्तराखंड वासियों के लिए उत्तराखंड सरकार राज्य अतिथि गृह बनाने की तैयारी कर चुकी है। 4700 वर्ग मीटर में बनने वाले इस राज्य अतिथि गृह को बनाने के लिए हमारी सरकार ने भूमि की खरीद को लेकर 32 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से भगवान श्री राम के दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचने वाले श्रीराम भक्तों को इस राज्य अतिथि गृह में सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
प्रभु श्रीराम के दर्शन कर मन हुआ अभिभूत: रेखा आर्या
देहरादून:  कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अपने कैबिनेट के साथियों के साथ अयोध्या स्थित रामलला के दर्शन किए।कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या मंगलवार की  सुबह मुख्यमंत्री धामी और अपने कैबिनेट के साथियों के साथ अयोध्या धाम पहुंची।जहां उन्होंने मुख्यमंत्री धामी और अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ श्री राम मंदिर मे पूजा अर्चना कर देश- प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज मन बहुत प्रसन्न है। मैं अपने आप को बहुत सौभाग्यशाली समझती हूं कि रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंची हूँ।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया और कहा कि उनके प्रयासों से ही अयोध्या में प्रभु श्री राम के मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। उन्होंने कहा कि अयोध्या राम मंदिर नहीं, बल्कि यह राष्ट्र का मंदिर है। आज प्रभु श्रीराम की नगरी में रामलला के दर्शन का मौका मिलना सौभाग्य की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *