उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी : ट्रेकर्स, पोर्टर्स और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू अभियान महज डेढ़ दिन में सफलतापूर्वक पूरा -67 सदस्यों को सुरक्षित निकाला

हर्षिल से स्मार्ट कंट्रोल रूम तक जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने की लगातार निगरानी
उत्तरकाशी। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बीच संकट में फंसे ट्रेकर्स, पोर्टर्स और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू अभियान महज डेढ़ दिन में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। विषम भौगोलिक परिस्थितियों, तेज हवाओं और अत्यधिक बर्फबारी के बीच SDRF, सेना, पुलिस, पैरामिलिट्री बल, UCADA, आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने अभियान को अंजाम दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पहले दिन हर्षिल पहुंचकर मौके से अभियान की निगरानी की, जबकि बाद में स्मार्ट कंट्रोल रूम से रेस्क्यू ऑपरेशन पर लगातार नजर रखी। अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र भी हर्षिल में मौजूद रहकर अभियान का समन्वय करती रहीं।
रेस्क्यू अभियान में कुल 67 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें ऑडेन कोल से 29, कालिंदी खाल से 19, जोगिन-आई से आठ, सतोपंथ से आठ तथा वासुकी ताल क्षेत्र से तीन आर्मी पोर्टर्स को सुरक्षित निकाला गया। SDRF के अनुसार विभिन्न ट्रैक रूटों से सुरक्षित निकाले गए सदस्यों को पैदल और हेली रेस्क्यू के जरिए सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।
तेज हवाओं और बर्फबारी ने बढ़ाई चुनौती
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बदलते मौसम, अत्यधिक बर्फबारी, तेज हवाओं और कठिन ट्रैकिंग परिस्थितियों ने रेस्क्यू टीमों की चुनौती बढ़ा दी। खराब मौसम के कारण हेली रेस्क्यू में भी कई बार मुश्किलें सामने आईं। इसके बावजूद बचाव एजेंसियों के बेहतर समन्वय और टीमवर्क से अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलीपैड पहुंचाने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद सभी संबंधित एजेंसियों ने पूरी तत्परता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू किया गया रेस्क्यू अभियान सुरक्षित रूप से पूरा कर लिया गया है।
वहीं, श्रीकंठ एक्सपीडिशन के 18 सदस्यीय SSB दल ने अपना अभियान जारी रखने की इच्छा जताई है। इसके अलावा सुदर्शन पीक के 12, भागीरथी-II (आर्मी) के 20, भागीरथी-II के नौ तथा शिवलिंग के सात सदस्य सुरक्षित हैं और संबंधित अभियानों से लौट रहे हैं।
इधर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र पिछले तीन दिनों से  ग्राउंड जीरो पर उतरकर   खराब मौसम के बीच संकट में फंसे ट्रेकर्स, पोर्टर्स और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू अभियान  कमान   संभाली  बुधवार को उन्होने बताया कि रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है उन्हें सभी एजेंसियों   का धन्यवाद ज्ञापित किया ।   इस अभियान में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, आपदा प्रबंधन,  वन विभाग, समेत अन्य  विभाग एवं एजेंसियों  की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *