पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बैठक कर आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को धरातल पर उतारने पर दिया जोर, सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी की हिदायत
देहरादून।आतंकवाद नियंत्रण, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा, आगामी विधानसभा चुनाव, चारधाम यात्रा, कुंभ मेला और प्रमुख धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आज डीजीपी ने अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान डीजीपी ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर संचालित भारत की पहली आतंकवाद निरोधी नीति प्रहार को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया.पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टर बनाने से जुड़े इनपुट के मद्देनजर सभी जनपदों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए है. साथ ही देश के बड़े राज्यों की कार्यप्रणाली और सफल ऑपरेशनों का अध्ययन कर राज्य एटीएस के अभियानों को उच्च पेशेवर स्तर पर अपग्रेड करने को कहा गया है और आतंकवाद की बदलती चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए.
सीएम सुरक्षा और चुनाव को लेकर अलर्ट: आगामी विधानसभा चुनाव और बढ़ती सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए. चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने और आगामी कुंभ मेले और अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है.

