उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

कांग्रेसियों ने किया मुख्यमंत्री आवास कूच , प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का अपमान 

हाथीबड़कला पर रोके गए प्रदर्शनकारी, दिग्गज नेताओं सहित सैंकड़ो गिरफ़्तार
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान, बढ़ते महिला अपराध, पेपर लीक, सरकारी नौकरियों में कथित अनियमितता, किसानों के उत्पीड़न और जमीनों की नीलामी के मुद्दे पर कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून में प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित ‘हल्ला बोल’ मुख्यमंत्री आवास घेराव में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
परेड ग्राउंड में इकट्ठा होने और पार्टी के बड़े नेताओं के संबोधन के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया, हालांकि, कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाथीबड़कला चौकी के समीप बैरिकेटिंग लगाकर रोक दिया, तो कांग्रेसी वहीं, प्रदर्शन करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाकर छोड़ दिया।
इससे पूर्व अपने संबोधन में कुमारी शैलजा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और देश के वरिष्ठ दलित नेता हैं। उनका अपमान लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में विफल रही है और प्रदेश में महिला अपराध चिंता का विषय बने हुए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। कांग्रेस ने भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और कथित भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
किसानों के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने किसानों की समस्याओं के समाधान, उचित मुआवजे और उत्पीड़न की शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन में शामिल होने पर उनका आभार जताया।
इस मौके पर पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक ममता राकेश, सुमित हृदेश, हरीश धामी, हाजी फुरकान अहमद, मयूख महर, मदन बिष्ट, मनोज तिवारी, वीरेंद्र जाती, रवि बहादुर, विक्रम नेगी, काजी निजामुद्दीन, लखपत बुटोला, पूर्व विधायक रणजीत रावत, नवप्रभात, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा व मनोज यादव, प्रकाश जोशी, शूरवीर सिंह सजवान,प्रदीप टम्टा, महेंद्र पाल, रामयश सिंह, जोत सिंह गुनसोला, ललित फर्स्वाण, हेमेश खर्कवाल, ज्योति रौतेला, विशाल भोजक, हाजी सुलेमान अंसारी,
देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर व उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, हेमा पुरोहित, विकास नेगी, मदनलाल, सुशील राठी, अभिनव थापर, नरेशानंद, राजवीर सिंह चौधरी, दिनेश कौशल, गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *