उत्तराखंडदेहरादूनराजनीति

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  महेंद्र भट्ट ने कहा – भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा से  राहुल गांधी परेशान , प्रधानमंत्री और विदेश नीति पर कर रहे अभद्र टिप्पणी

देहरादून:भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  महेंद्र भट्ट ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर वर्ष 1947 की त्रासदी में जान गंवाने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विभाजन का दर्द देश कभी नहीं भूल सकता। यह दिन हमें याद दिलाता है कि तुष्टिकरण और विभाजनकारी राजनीति ने देश को कितनी बड़ी कीमत चुकाने पर मजबूर किया।
भट्ट ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस दिन देश विभाजन की पीड़ा को याद कर रहा है, उसी दिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की विदेश नीति का मजाक उड़ाने वाली टिप्पणी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री  के पद की गरिमा और देश के राष्ट्रीय हितों से जुड़े विषयों को व्यक्तिगत उपहास का विषय बनाना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी न केवल राजनीतिक मर्यादा के विपरीत है, बल्कि विपक्ष के नेता के पद की गरिमा को भी गिराने वाली है। विदेश नीति जैसे गंभीर विषय पर राहुल गांधी को तथ्य और तर्क के साथ बात करनी चाहिए, न कि असभ्य और अभद्र भाषा का सहारा लेना चाहिए।
भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी जिस विदेश नीति का मजाक उड़ा रहे हैं, उसी विदेश नीति ने भारत को वैश्विक मंच पर नई ताकत और सम्मान दिलाया है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की प्रमुख शक्तियों के साथ आत्मविश्वास से संवाद कर रहा है और राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन्हें भारत की विदेश नीति की गंभीरता समझ नहीं आती, वे प्रधानमंत्री  मोदी की विदेश यात्राओं और वैश्विक नेताओं से संबंधों को राजनीतिक मसखरी का विषय बना रहे हैं। यह उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता और हताशा को दर्शाता है।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों लोगों द्वारा दिए गए जनादेश का अपमान है। राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि नेता प्रतिपक्ष का पद केवल राजनीतिक आलोचना का अधिकार नहीं देता, बल्कि भाषा, आचरण और संवैधानिक मर्यादा की जिम्मेदारी भी देता है। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें देश को जोड़ने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस जितना प्रधानमंत्री का अपमान करेगी, उतना ही जनता के बीच उसका राजनीतिक दिवालियापन उजागर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *