उत्तराखंडउधमसिंह नगरराजनीति

लोकसभा चुनाव 2024:रुद्रपुर में उत्तराखंड में विजय शंखनाद रैली में पीएम मोदी ने कहा, तीसरे टर्न में होंगे बड़े बदलाव, भारत को दुनिया की तीसरी अर्थ व्यवस्था बनाएंगे

आने वाले पांच साल में अभूतपूर्व काम और देश हित में बडे  फैसले होंगे
पीएम ने उत्तराखंड में विजय शंखनाद रैली में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा
राज्य की पांचों सीटों पर कमल खिलाने का किया आह्वान
कहा , देवभूमि का आशीर्वाद मेरी बड़ी पूंजी
रुद्रपुर। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के रुद्रपुर में जनसभा को संबोधित किया। रुद्रपुर के मोदी मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां मुफ्त बिजली की गारंटी, दी वहीं कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लोगों से भावनात्मक ढंग से जुड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि  तीसरे टर्म में वे भारत को दुनिया की तीसरी अर्थ व्यवस्था बनाएंगे और देश हित में कई बड़े निर्णय लेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार हर गरीब और मध्यम वर्ग का हक छीनता है, मैं इनका हक किसी को नहीं छीनने दूंगा। ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच साल में अभूतपूर्व काम और देश हित में बड़े फैसलें होंगे।
मोदी मैदान में हजारों की भीड़ को सम्बोधित करते हुए पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत मां नंदा देवी, गोल्ज्यू, श्री राज राजेश्वरी के जयघोष के साथ की। साथ ही उन्होंने कुमांऊनी बोलकर सभी का हाल पूछा। इसके बाद अपने सम्बोधन में पीएम मोदी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में ये मेरी पहली चुनावी सभा है। मैं तय नहीं कर पा रहा हूं कि यह प्रचार सभा है या विजय सभा है। उन्होंने कहा कि पंडाल के बाहर धूप में जो लोग तप रहे हैं, उनसे क्षमा चाहता हूं। मैदान छोटा पड़ गया यह हमारी व्यवस्था की कमी रही। आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो आप धूप में तप रहे हैं ये आप की तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा। मैं इसे विकास करके लौटाउंगा। पीएम मोदी ने कहा देवभूमि का ये आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी है। प्रधानमंत्री ने कहा कर्नाटक में कांग्रेस के एक नेता ने देश के टुकड़े करने की बात कही। आप बताइए उनको सजा मिलनी चाहिए कि नहीं? लेकिन कांग्रेस ने उन्हें सजा देने की बजाए उन्हें चुनाव का टिकट दे दिया। इसी कांग्रेस ने देश के वीर सपूत स्वर्गीय विपिन रावत का भी अपमान किया था। ऐसी कांग्रेस से देशभक्ति की बातें किसी के गले उतरती नहीं है। कांग्रेस तुष्टिकरण के दलदल में ऐसा धंस गई है कि कभी देशहित का सोच ही नहीं सकती।  उन्होंने कहा कि  देवभूमि उत्तराखण्ड के प्रति भाजपा का जो प्रेम है जो अपनत्व है वो जगजाहिर है। हमें उत्तराखण्ड को विकसित बनाना है, सबसे आगे लेकर जाना है और इसके लिए केन्द्र की भाजपा सरकार कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। बीते दस वर्षों में जितना विकास उत्तराखण्ड का हुआ है, उतना आजादी के बाद के साठ पैसठ साल में भी नहीं हुआ। उत्तराखण्ड हर प्रकार की आधुनिक कनेक्टविटी से जुड़ रहा है।
मुख्यमंत्री धामी सहित ये नेता रहे मौजूद
मंच संचालन कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने किया। जनसभा में मंच पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, राज्य प्रभारी दुष्यंत गौतम, नैनीताल लोकसभा भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट, अल्मोड़ा लोकसभा भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, नरेश बंसल, अजेय , विधायक शिव अरोरा, विधायक अरविन्द पाण्डे, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, बलराज पासी, भाजपा प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विवेक सक्सेना, विकास शर्मा, राजेश शुक्ला, भारत भूषण चुघ, उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, ललित मिगलानी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *