अल्मोड़ाउत्तराखंड

उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा : अल्मोड़ा में  खाई में गिरी, यात्रियों से भरी बस , 7 की मौत, 12 घायल

हादसे पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री  धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ  रावत ने गहरा दुख जताया 
अल्मोड़ा : उत्तराखंड के जनपद अल्मोड़ा में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। एक बस के खाई में गिरने से हादसे में सात यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 12 यात्री घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश लाया गया है। हादसे पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने गहरा दुख जताया है।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची । घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा के भिकियासैंण इलाके के शिलापनी में एक बस हादसे का शिकार हो गई। एक बस खाई में गिर गई । हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। बस में सवार अन्य 12 यात्री घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन व राहत-बचाव दल मौके पहुंचा। घायलों को खाईं से निकालकर उन्हें चिकित्सकीय सहायता के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह हादसा भिकियासैंण इलाके में शिलापनी के पास हुआ।
अधिकारियों के मुताबिक, बस में कुल 19 यात्री सवार थे। हादसे की वजह का पता किया जा रहा है। अनुमान है कि चालक का नियंत्रण खो जाने की वजह से यह हादसा हुआ। मृतकों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
मृतकों के नाम 
गोविंद बल्लभ (80 वर्ष), उनकी पत्नी पार्वती देवी (75 वर्ष), दोनों जमोली निवासी; सूबेदार नंदन सिंह अधिकारी (65 वर्ष), जमोली; तारा देवी (50 वर्ष), बाली; गणेश (25 वर्ष); उमेश (25 वर्ष); और एक अज्ञात युवक, जिसकी पहचान अभी की जा रही है।
घायलों के नाम 
नंदा बल्लभ (50 वर्ष), नौबाड़ा; राकेश कुमार (40 वर्ष), नौबाड़ा; नंदी देवी (40 वर्ष), सिंगोली; हंसी सती (36 वर्ष), सिंगोली; मोहित सती (16 वर्ष), नौघर; बुद्धि बल्लभ (58 वर्ष), अमोली; हरीचंद्र (62 वर्ष), पाली; भूपेंद्र सिंह (64 वर्ष), जमोली; जितेंद्र रेखाड़ी (37 वर्ष), विनायक; बस चालक नवीन चंद्र (55 वर्ष); हिमांशु पालीवाल (17 वर्ष); और प्रकाश चंद (43 वर्ष), चचरौटी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया हादसे पर गहरा दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए कहा कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बस हादसे में लोगों की मौत बहुत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना ।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि घायलों को तत्काल और उचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस मामले की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने भी अल्मोड़ा जिले में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *