उत्तरकाशीउत्तराखंडधर्म-संस्कृति

11 नवंबर को भैया दूज पर बंद होंगे यमुनोत्री धाम के कपाट, मंदिर समिति ने की घोषणा

उत्तरकाशी : विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर को भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। विजयदशमी के अवसर पर यमुनोत्री धाम में मंदिर समिति और पुरोहित समाज की मौजूदगी में आयोजित बैठक में कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त निकाला गया। तय कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार को सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर अनुराधा नक्षत्र और सौम्य धनु लग्न में विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे. कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री धाम में होने वाली नियमित पूजा-अर्चना का समापन हो जाएगा. साथ ही उसी दिन केदारनाथ धाम के कपाट भी बंद होंगे।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल ने बताया कि, विजयदशमी के पर्व पर परंपरानुसार मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहितों की उपस्थिति में कपाट बंद करने की तिथि और शुभ मुहूर्त निर्धारित किया गया। भैया दूज के दिन निर्धारित मुहूर्त में मां यमुना के मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे. इसके बाद शीतकाल में मां यमुना की पूजा-अर्चना परंपरानुसार उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव में होगी. इससे श्रद्धालु शीतकाल के दौरान भी मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।यमुनोत्री धाम में कपाट बंद होने के बाद मां यमुना के दर्शन के लिए श्रद्धालु खरसाली पहुंच सकेंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा परंपरानुसार निर्धारित शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पर संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *