भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कांग्रेस ने वन्देमातरम को छांट कर देश को बांटने का काम किया
कहा – वंदेमातरम के मौलिक स्वरूप की चर्चा से गौरवमई संसदीय इतिहास का सृजन
देहरादून। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है कि कांग्रेस ने वन्देमातरम को छांट कर देश को बांटने का काम किया है। लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में वंदेमातरम के 150वीं वर्षगांठ पर, उसके मौलिक स्वरूप की चर्चा से गौरवमई संसदीय इतिहास का सृजन हुआ है।
राज्यसभा में वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर हुई चर्चा में भाग लेने की चर्चा करते उन्होंने इस अवसर के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार की राष्ट्रवादी नीति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सदन में कहा कि, हम वंदे मातरम की चर्चा कर रहे हैं, जो मात्र राष्ट्रगीत नहीं बल्कि एक महामंत्र है जिसने आजादी के संघर्ष को क्रांति ने बदला था। जिसे गुनगुनाते हुए युवाओं में हंसते हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था। स्वयं का जिक्र करते हुए कहा, मैं देवभूमि से आता हूं जो ऋषियों की तपोभूमि है, मेरी रगों में गंगा जमुना का जल बहता है, देवताओं का आशीर्वाद जहां मिलता है। मेरे पहाड़ के लोग सीढ़ीदार खेतों में पसीना बहाते हैं, सीमा पर शून्य से नीचे तापमान पर सीमा रक्षा सेवा में जीवन खपाते हैं। देश के अन्य लोगों की तरह हमारे लिए भी भारत मात्र एक जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि साक्षात धरती मां है। ऐसे में जब को सैनिक सीमा पर गोली खाता है तो उसके मुंह से अंत समय, जय हिंद और वन्देमातरम ही निकलता है। इस जीवित जागृत भावना की स्तुति का नाम है वन्देमातरम गीत। अफसोस राजनैतिक तुष्टिकरण के चलते गीत पूर्ण स्वरूप से एक बड़ी पीढ़ी को महरूम रखा गया। क्योंकि कांग्रेस के वामपंथी इतिहासकारों की किताब पढ़ेंगे तो उसमें बताया जाएगा कि सहमति से सद्भावना बनाने के लिए इसे संक्षिप्त किया गया।
जबकि सच यह है कि इसे मुस्लिम लीग के दबाब में खंडित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गीत पर ही नही बल्कि राष्ट्र की आत्मा पर कैंची चलाई गई है।
कांग्रेस ने इस गीत के विघटन से देश के विभाजन की नींव रखने का पाप किया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में आज देश बदल चुका है। उनके प्रयासों से ही इस सदन में वंदे मातरम के पूर्ण स्वरूप की बात हम सब कर पा रहे हैं।
प्रधानमंत्री भारत को सांस्कृतिक और राष्ट्रीय गौरव की गर्वानुभूति कराते हुए विकास मार्ग पर आगे बढ़ा रहे हैं।

