उत्तराखंडक्राइमदेहरादूनराष्ट्रीय

उत्तराखंड पुलिस की जबरदस्त कामयाबी- 12 करोड़ की  एमडीएमए फैक्ट्री पकड़ी, गैंग सरगना कुनाल कोहली को दबोचा, डीजीपी की पुलिस टीम को एक लाख का इनाम देने की घोषणा

देवभूमि उत्तराखंड से नेपाल-महाराष्ट्र तक नेटवर्क का पर्दाफाश,
बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैमिकल व पाउडर बरामद
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और तीन जिलों की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।  करोड़ों की एमडीएमए ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड कुनाल राम कोहली को गिरफ्तार किया गया है। नानकमत्ता क्षेत्र से पकड़े गए आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैमिकल, पाउडर और तैयार एमडीएमए बरामद की गई है। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ ने मंगलवार को खुद एमडीएमए ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने  बताया कि गिरोह की गतिविधियां उत्तराखंड से लेकर नेपाल और महाराष्ट्र तक फैली हुई थीं। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (।छज्थ्) और स्थानीय पुलिस ने सयुंक्त कार्रवाई में इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 126 लीटर कैमिकल, 28 किलो पाउडर और 7.41 ग्राम एमडीएमए बरामद किया।
पिथौरागढ़ जिले के थल थाना क्षेत्र में आरोपी कुनाल कोहली ने मुर्गी फार्म की आड़ में एमडीएमए तैयार करने की अवैध फैक्ट्री लगा रखी थी। कैमिकल और उपकरणों की आपूर्ति बनारस, गाजियाबाद और ठाणे से की जा रही थी। गिरोह के सदस्य तैयार माल को मुंबई सहित विभिन्न राज्यों में सप्लाई करते थे। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वह मुम्बई क्राइम ब्रांच को भी आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहा था।
ठाणे से हुआ नेटवर्क का पर्दाफाश
एसटीएफ एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि 31 मई को ठाणे में दो लोगों को 11 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उन्होंने उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के थल क्षेत्र में फैक्ट्री की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने 26 जून को वहां छापा मारा और कैमिकल बरामद किया, लेकिन आरोपी फरार हो गए।
पहले नेपाल भागे आरोपी, फिर एक -एक कर पकड़े 
जांच में सामने आया कि गिरोह के सरगना कुनाल कोहली, मोनू गुप्ता, भीम यादव, अमन कोहली और राहुल पहले नेपाल भाग गए थे। चम्पावत पुलिस ने जुलाई में राहुल की पत्नी ईशा को 5.6 किलो एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया, जो राहुल ने तैयार की थी। इसके बाद एक-एक कर आरोपी पकड़े गए।
गैंडाखाली टनकपुर से पिथौरागढ़ कर दी शिफ्ट
आरोपियों ने कबूला कि गैंडाखाली (टनकपुर) में पहले ड्रग्स फैक्ट्री चलाई गई थी, लेकिन साथी बल्ली राम गुप्ता की मुंबई में गिरफ्तारी के बाद उन्होंने पिथौरागढ़ शिफ्ट कर दी। फार्म हाउस में एकांत जगह पर ड्रग्स तैयार कर मुंबई भेजा जाता था।
खरीदार नहीं मिला तो नेपाल भागे आरोपी
ड्रग्स का स्टॉक जब तैयार हो गया और खरीदार नहीं मिला तो कुनाल व साथी नेपाल भाग गए। चम्पावत में पुलिस ने जब कुनाल के साथी राहुल को गिरफ्तार किया, तब कुनाल बचा हुआ कैमिकल डैम में फेंकने नानकमत्ता आया, जहां पुलिस ने उसे धर दबोचा।
डीजीपी ने की पुलिस टीम को इनाम की घोषणा
डीजीपी दीपम सेठ ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इस पूरे अभियान में नेपाल पुलिस और एंटी नारकोटिक्स ब्यूरो का भी सहयोग रहा। तकनीकी और मैनुअल सूचनाएं साझा की जाती रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *