नेशनल गेम्स : द्विवेदी ने लॉन बॉल्स में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, उत्तराखंड को दिलाया चौथा स्वर्ण पदक
युवा खिलाड़ी ने लॉन बॉल्स अंडर 25 फाइनल
में पाई स्वर्णिम सफलता, टीम इवेंट में ब्रॉन्ज भी झटका
देहरादून। 38वे राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने लॉन बॉल्स स्पर्धा में बुधवार को गोल्ड मेडल जीता
उत्तराखंड ने नेशनल गेम्स में पहली बार लॉन बॉल्स में हिस्सा लिया और पहली बार में ही गोल्ड पर कब्जा जमाया है। प्रदेश को यह गोल्ड उत्कृष्ट द्विवेदी ने दिलाया है। उन्होंने लॉन बॉल्स अंडर 25 फाइनल में असम के बिट्टू दास को हराया ।
लॉन बॉल्स जैसे रोचक और नए खेल में गोल्ड मेडल हासिल करना उत्तराखंड लॉन बॉल एसोसिएशन के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उत्तराखंड को लॉन बॉल्स में 1 गोल्ड मेडल ही नहीं, बल्कि 2 ब्रॉन्ज मेडल भी मिले हैं। उत्तराखंड की ओर से लॉन बॉल टीम इवेंट पुरुष में देहरादून के उत्सव और अभिषेक ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इसके अलावा महिला अंडर 25 सिंगल में चंद्र योगिता ने भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है।
एक महीने की ट्रेनिंग में हासिल किया स्वर्ण पदक
लॉन बॉल में गोल्ड मेडलिस्ट उत्कृष्ट द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने केवल एक महीने की ट्रेनिंग में गोल्ड मेडल जीता है।
उन्हें ग्राउंड भी प्रैक्टिस के लिए देरी से मिला था, लेकिन उसके बावजूद भी जितना समय मिला, उन्होंने प्रैक्टिस की और गोल्ड मेडल हासिल किया है।उत्तराखंड लॉन बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र पंवार और सेक्रेटरी जनरल पवनप्रीत सिंह ने बताया कि उनकी ओर से खेल विभाग से लॉन बॉल ग्राउंड की लंबे समय से मांग की जा रही थी, लेकिन अपनी तरफ से भी उन्होंने खुद ही लॉन बॉल का ग्राउंड तैयार किया। वहां पर बच्चों को प्रैक्टिस करवाई। जिसका रिजल्ट यह निकला कि उत्तराखंड ने पहले ही बार में गोल्ड मेडल हासिल किया
गोल्ड मेडल जीतने वाले उत्कृष्ट द्विवेदी के पिता धीरेंद्र नाथ द्विवेदी ने भी बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की ।

