उत्तराखंडदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी  ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में हुए शामिल, कहा – जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकता

भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, स्वाभिमान और जल, जंगल, जमीन की रक्षा का संकल्प आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत : सीएम ,
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उत्तराखण्ड के 128 जनजातीय गांवों का हुआ चयन 
देहरादून।मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में परेड ग्राउंड, देहरादून में राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज के लोगों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित आदिवासी संस्कृति एवं हस्तकला की विशाल प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने के साथ ही देश की विविधतापूर्ण परंपराओं को समझने और उनका सम्मान करने का अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आदि गौरव महोत्सव जनजातीय समाज की खुशियों, परंपराओं, संस्कृति और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट जीवनशैली, परंपराओं, प्रकृति के प्रति सम्मान तथा सांस्कृतिक मूल्यों से इस विविधता को समृद्ध किया है। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए राज्य जनजातीय शोध संस्थान एवं जनजाति कल्याण विभाग की सराहना करते हुए सभी आयोजकों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिन्होंने अत्यंत कम आयु में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उलगुलान यानी क्रांति का नेतृत्व किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया और अपने अदम्य साहस, स्वाभिमान एवं संगठन शक्ति से अन्याय के विरुद्ध आवाज बुलंद की। उनका जीवन और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकारों, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इससे जनजातीय समाज के महानायकों के योगदान और उनके गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत उत्तराखण्ड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जनजातीय समाज के सहयोग, सहभागिता और आशीर्वाद से राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने ‘विकल्प रहित संकल्प’ को अवश्य साकार करेगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास,  मेयर  सौरभ थपलियाल, सचिव  श्रीधर बाबू अदाकी, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, विभिन्न जनजातीय समुदायों के लोग, हस्तशिल्पी, स्थानीय उत्पादों से जुड़े उद्यमी, राज्य जनजातीय शोध संस्थान एवं जनजाति कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *