उत्तराखंडउधमसिंह नगरराजनीति

रुद्रपुर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में गरजे मुख्यमंत्री धामी , कहा, अपने कामों के लिए कांग्रेस को प्रदेश में निकालनी चाहिए प्रायश्चित यात्रा

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
रुद्रपुर। लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा से पूर्व गांधी पार्क में आयोजित भाजपा की विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही न्याय यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं को न्याय यात्रा के बजाय प्रायश्चित यात्र निकालनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल को भ्रष्टाचार और अत्याचारों से भरा बताते हुए राहुल गांधी पर सनातन धर्म, सेना और देश के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
जनसभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ,प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रदेश में न्याय यात्रा निकाल रहे हैं, जबकि उन्हें अपने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए। कांग्रेस का शासन हमेशा भ्रष्टाचार और अत्याचारों से भरा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा सनातन धर्म को नीचा दिखाने का काम किया है। वह देश को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं, यह स्वयं उन्हें भी पता नहीं है। राहुल गांधी की स्थिति आज बिना पानी की मछली जैसी हो गई है, जो हर तरफ से निराश है। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के दिलों में बसे हुए हैं। इसके विपरीत राहुल गांधी का काम केवल राजनीतिक खेल खेलना और आम जनता व व्यापारियों को नुकसान पहुंचाना रह गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब जब कांग्रेस सत्ता में रही, तब तब भ्रष्टाचार, महिला अपराध और अन्य समस्याओं से आम जनता परेशान रही। सत्ता से बाहर रहने पर भी कांग्रेस की राजनीति देश की जनता के हितों के प्रतिकूल रही है। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर देश की सेना का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह लगातार सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं और सेना की कार्रवाई का हिसाब मांगते हैं। उन्होंने कहा कि देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रति भी राहुल गांधी ने निम्न भाषा का प्रयोग किया है, जो उचित नहीं है। इसके लिए उन्हें शर्म आनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सभी जाति और वर्गों के लोग आपसी सद्भाव के साथ रहते हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए महिला अपराधों और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए। महेन्द्र भट्टð ने कहा कि कांग्रेस के शासन में महिला अपराध चरम सीमा पर पहुंच गये थे। उन्होंने ऐसे कई उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता आज प्रदेश में न्याय यात्र व अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपियों को सजा देने के नाम पर आम जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंनें कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपियों को पहले ही गिरफ्रतार कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय द्वारा आजीवन सजा सुनाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस शासन में महिला अपराध और घोटालों की लम्बी लिस्ट है।  भट्ट ने कहा कि आगामी विधानभा चुनाव में इस जनपद की सभी सीटों पर जनता भाजपा को विजयी बनाकर कांग्रेस को करारा जवाब देगी। जनसभा को प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा और दर्जा राज्य मंत्री सुरेश कोली सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने कांग्रेस की नीतियों और प्रदेश में उसके राजनीतिक अभियानों पर सवाल उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *