उत्तराखंडनैनीतालराजनीति

प्रधानमंत्री  मोदी के  जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में भाजपा चलाएगी एक माह का राष्ट्रव्यापी “सेवा संकल्प अभियान” : महेंद्र भट्ट

अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड में प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक 11 प्रमुख कार्यक्रमों का  किया जाएगा आयोजन
हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने उनके जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में भाजपा द्वारा एक माह का राष्ट्रव्यापी “सेवा संकल्प अभियान” संचालित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड में प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक 11 प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को भाजपा संभाग कार्यालय, हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता में की।
प्रदेश अध्यक्ष  महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी अध्याय रहा है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को   मोदी ने गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ग्रहण की थी और आगामी 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ेंगे और सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम से होगा, जिसमें प्रत्येक बूथ और प्रत्येक घर पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री  की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा तथा विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों में “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” कार्यक्रम के तहत चित्रकला, भाषण एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि “नमो सेवा गाथा” के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा, प्रमुख योजनाओं और देश में आए परिवर्तन को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “आंगन का उत्सव” कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों पर माताओं और बच्चों के लिए पोषण, स्वास्थ्य एवं टीकाकरण संबंधी गतिविधियां आयोजित होंगी तथा आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
भट्ट ने बताया कि “कहानी बदलाव की” अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक प्रेरक कहानियों को वीडियो, रील और सोशल मीडिया के जरिए साझा किया जाएगा, जिससे योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव समाज तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि “विकसित भारत संकल्प यात्रा” के माध्यम से विकास कार्यों और परिवर्तनकारी परियोजनाओं को जनसंवाद एवं डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जबकि “सेवा ज्योति यात्रा” के तहत गांवों से जिला मुख्यालय तक मशाल यात्राएं निकालकर सेवा और राष्ट्र निर्माण का सामूहिक संकल्प दोहराया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर तथा डिजिटल साक्षरता सहित 25 सेवा गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि “सेवा सेतु अभियान” के तहत सरकार आपके द्वार की भावना के अनुरूप शिविर आयोजित कर आयुष्मान कार्ड, पेंशन, सरकारी योजनाओं एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लोगों को मौके पर उपलब्ध कराया जाएगा।
भट्ट ने कहा कि “रंगोली राष्ट्र” कार्यक्रम में प्राकृतिक सामग्री से रंगोली बनाकर राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक विरासत, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत-2047 की भावना को प्रदर्शित किया जाएगा, जबकि “राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज” के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं के नवाचार आधारित समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष  प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी  प्रतीप जनोटी, प्रदेश प्रवक्ता  सुरेश तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री  दिनेश आर्या तथा मीडिया संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजक  भुवन जोशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी नितिन  राणा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *