उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

दून में भागवत कथा के दौरान महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चुराने वाले पंजाब के कुख्यात अंतरराज्यीय ‘समाणा गैंग’ का पर्दाफाश ,  2 महिला सहित 4 गिरफ्तार 

कब्जे से चोरी की 3 सोने की चेन, 10हजार रुपये नकद, एक चेन काटने वाला कटर और घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद

देहरादून। एसएसपी के नेतृत्व में दून पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने जीएमएस रोड पर स्थित एक होटल में भागवत कथा के दौरान महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चुराने वाले पंजाब के कुख्यात अंतरराज्यीय ‘समाणा गैंग’ का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 2 महिलाओं समेत 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 3 सोने की चेन, 10हजार रुपये नकद, एक चेन काटने वाला कटर और घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद की है।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से पंजाब के पटियाला स्थित समाणा गांव के रहने वाले हैं। यह शातिर गिरोह सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से अलग-अलग शहरों में आयोजित होने वाली धार्मिक कथाओं और आयोजनों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य कथा स्थल पर पहुंचकर भजन-कीर्तन की आड़ में श्रद्धालुओं को अपना निशाना बनाते थे। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर गिरोह की महिलाएं पलक झपकते ही महिलाओं के जेवर उड़ा लेती थीं, जबकि बाहर खड़ी कार में मौजूद अन्य साथी उन्हें लेकर रफूचक्कर हो जाते थे। जीएमएस रोड पर आयोजित भागवत कथा के दौरान चार महिलाओं के गहने चोरी होने के मामले में पटेलनगर कोतवाली में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पंजाब का चर्चित ‘चैन चोर गैंग’ एक बार फिर देहरादून में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने हरिद्वार बायपास रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर चारों आरोपियों अजय सिंह पुत्र जगत सिंह निवासी- ग्राम समाणा, थाना सदर समाना, पटियाला, पंजाब, गुरप्रीत सिंह पुत्र पप्पू सिंह निवासी- बरनाला, जिला बरनाला, पंजाब,हरजिंदर कौर उर्फ रानी पत्नी काका व पूजा कौर उर्फ लाडी पत्नी जगत सिंह निवासी- ग्राम समाणा, पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *