उत्तराखंडदेहरादून

रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को सीएम धामी व सैनिक कल्याण मंत्री जोशी ने किया फ्लैग ऑफ , प्रतिभागियों को किया सम्मानित 

सीएम ने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर  अमर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि ,
कहा – कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम, शौर्य और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को शौर्य स्थल, चीड़बाग, गढ़ीकैंट, देहरादून में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर  अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम, शौर्य और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। वर्ष 1999 में भारतीय वीर जवानों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और विश्व के समक्ष भारतीय सेना के अदम्य साहस का परिचय दिया।
इसके बाद गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने “रन फॉर कारगिल हीरोज़” में प्रतिभाग करने वाले धावकों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के राष्ट्रभक्ति के जज़्बे की सराहना करते हुए कहा कि देश के वीर सैनिकों के सम्मान में जनभागीदारी ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल के वीरों का अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करने और वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को याद रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ अमर शहीदों को नमन किया और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व सैनिक संगठन छात्र मातृ शक्ति उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री जोशी व खजान दास ने 
प्रतिभागियों को किया सम्मानित 
रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन का समापन गांधी पार्क में हुआ, जहाँ कैबिनेट मंत्री एवं सैनिक कल्याण मंत्री  गणेश जोशी तथा कैबिनेट मंत्री  खजान दास ने प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी ली।
रन फॉर हीरोज मैराथन में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों के परिणाम इस प्रकार रहे। एनसीसी बालक वर्ग में सूरज ने प्रथम, आयुष कुमार ने द्वितीय तथा कृष ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एनसीसी बालिका वर्ग में वैष्णवी प्रथम, द्विवजा द्वितीय और इल्मा तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर सिटीजन वर्ग में मुकेश राणा ने पहला, जितेन्द्र गुप्ता ने दूसरा तथा गोविन्द राणा ने तीसरा स्थान हासिल किया। भूतपूर्व सैनिक वर्ग में कलम सिंह बिष्ट प्रथम, विजय सिंह द्वितीय और राम सिंह भण्डारी तृतीय स्थान पर रहे। दिव्यांग वर्ग में अनुष्का एवं सुनील नेगी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। 18 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में अंकित पंवार प्रथम, रोहित द्वितीय तथा अमित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में तनुश्री चौहान ने प्रथम, महक नेगी ने द्वितीय और लीला शाह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र वर्ग में विपिन वर्मा प्रथम, अंकित द्वितीय तथा सागर जोशी तृतीय स्थान पर रहे। छात्रा वर्ग में निकिता जोशी ने प्रथम, रानी ने द्वितीय और श्वेता ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में  जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (कर्नल सेवानिवृत्त) ओम प्रकाश फस्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरंग सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *