निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ आशुतोष सयाना ने कहा – नशा समाज के लिए एक अभिशाप ,आज की युवा पीढ़ी को सजग रहने की बेहद जरूरत
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग ने मनाया नशा मुक्त भारत अभियान,
नशे की लत बेहद बुरी, निकालना बहुत मुश्किल: डॉ गीता,
विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रमो के साथ राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में संपन्न हुआ नशा अभियान,
जन जागरूकता रैली निकाली गई एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई
देहरादून।राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून में निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ आशुतोष सयाना एवं प्राचार्य डॉ गीता जैन के निर्देशानुसार कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य निषेध दिवस- 2025 के अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान का सफल आयोजन किया गया। 01 जून से 26 जून, तक चले इस अभियान में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा जन जागरूकता अभियान सहित अनेको गतिविधियां आयोजित की गई।
निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ आशुतोश सयाना ने अपने संदेश में कहा कि नशा समाज के लिए एक अभिशाप है और आज की युवा पीढ़ी को इससे सजग रहने की नितांत आवश्यकता है।
प्राचार्य राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून डॉ गीता जैन ने अपने वक्तव्य में कहा कि नशे की लत बहुत बुरी होती है, जिससे निकलना बहुत मुश्किल होता है। जन जागरूकता अभियान और सबकी भागीदारी से ही नशे के खिलाफ मुहिम को सफल बनाकर एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सकता है।
कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ अनुपमा आर्या के नेतृत्व और नोडल अधिकारी डॉ सुदीक्षा के समन्वय से ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र, नया गांव पेलियो और शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र मेहूवाला और पथरी बाग चौक , देहरखास में संवाद और नुक्कड़ नाटक द्वारा नशे के खिलाफ मुहिम को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया जिसमें एमबीबीएस छात्रों, पीजी रेजिडेंट, इंटर्न एवं मेडिकल सोशल वर्कर सहित समुदाय के लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इसके अतिरिक्त सेवला कलां, माजरा में एमबीबीएस छात्रों, इंटर्न, मेडिकल सोशल वर्कर एवं पीजी रेजिडेंस द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत रैली निकाली गई।
विभागाध्यक्ष कम्युनिटी मेडिसिन विभाग, डॉ अनुपमा आर्या द्वारा कहा गया कि नशे के कारण दुर्घटनाओं एवं घरेलू हिंसा को अत्यधिक बढ़ावा मिलता है इसलिए समाज की सक्रिय भागीदारी से लोगों के जीवन को नशे की बुरी गत से बचाया जा सकता है।
मेडिकल सोशल वर्कर महादेव गौड़ द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि नशा समाज के लिए एक कलंक है जो कि व्यक्ति के जीवन को तो प्रभावित करता ही है अपितु परिवार और समाज के लिए भी घातक है।
इस संपूर्ण अभियान के अंतर्गत एमबीबीएस छात्रों के मध्य रील , पोस्टर,क्विज, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया और प्रथम और द्वितीय स्थान पाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
अभियान के अंत में प्राचार्या द्वारा एमबीबीएस छात्रों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग से डॉ शिव कुमार यादव, डॉ रिचा सिन्हा, डॉ सुनील, डॉ सुमित, डॉ शालिनी, डॉ मधुलिका, डॉ सोनम, डॉ नरेश, डॉ मोनोजीत, डॉ भारती, डॉ मोहित, डॉ अंकिता, डॉ पूजा,डॉ शिवानी सहित मेडिकल सोशल वर्कर श्री महादेव गौड़, रमेश ध्यानी, राजेश उनियाल, अखिलेश असवाल, उमा गुसाईं आदि उपस्थित रहे।

